परीक्षा देने से पहले पिता की चिता को दी मुखाग्नि, प्रदेश की मेधावी सूची में अपना स्थान बनाया।

 

uttarakhand-board-10th-merit-list-jeevan-joshi


उत्तराखंड बोर्ड द्वारा जारी हाईस्कूल परीक्षा परिणाम -2023 में  मेधावी छात्र जीवन जोशी ने मैरिट सूची में 21वां स्थान प्राप्त कर साबित कर दिया है कि यदि हम लगन, मेहनत के साथ पढाई करें तो गरीबी और संसाधनों का अभाव कभी भी पढ़ाई में बाधक नहीं बनता।  (Jeevan Joshi Topper) 

कपकोट तहसील के पोथिंग स्थित स्वतंत्रता सेनानी मथुरादत्त जोशी राजकीय इंटर कॉलेज में पढ़ने वाले छात्र जीवन जोशी ने हाई स्कूल परीक्षा-2023 को 94.80 प्रतिशत अंकों के साथ ससम्मान उत्तीर्ण कर वरीयता सूची में 21वां स्थान प्राप्त किया है। जीवन को हिंदी में 88, संस्कृत में 94, गणित में 97, विज्ञान में 97, सामाजिक विज्ञान में 98 एवं अंग्रेजी में 93 अंक प्राप्त हुए हैं। ( Uttarakhand board merit list 2023 class 10)


प्रेरणादायी है जीवन जोशी की यह उपलब्धि -

पोथिंग निवासी स्वर्गीय तारा जोशी के सुपुत्र जीवन जोशी की यह उपलब्धि तब और भी प्ररेणादायी बन जाती है जब हम उनके संघर्ष की ओर मुड़कर देखते हैं। वे एक गरीब परिवार के सम्बन्ध रहते हैं। उनके पिता ग़ाज़ियाबाद की किसी निजी कंपनी में कार्यरत थे। कुछ वर्ष पहले उन्हें अपनी बीमारी का पता चला। बीमारी के चलते नौकरी छूट गयी। वहीं उन्हें अपना इलाज करवाना भी आवश्यक हो गया। एक ओर परिवार का भरण-पोषण, बच्चों की पढ़ाई, वहीं दूसरी ओर भयानक बीमारी ने पूरे हँसते खेलते परिवार के सामने दुःखों का पहाड़ खड़ा हो गया। इस मुश्किल की घड़ी में बेटे जीवन ने अपनी पढ़ाई गांव के ही सरकारी विद्यालय में जारी रखी। 

बोर्ड परीक्षाएं शुरू हुई वहीं पिता तारा जोशी अंतिम साँस के साथ अपने घर पहुंचे। कैंसर पीड़ित पिता ने उसी दिन दम तोड़ दिया जब बेटे की परीक्षाएं थी। बेटे ने पिता की चिता को मुखाग्नि दी और अपने लक्ष्य की ओर निकल पड़े। हर दिन पिता के क्रिया-कर्म के बाद वे अपनी परीक्षाएं देते रहे। पिता के आशीर्वाद और अपने लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित कर आज उन्हें अच्छा परिणाम प्राप्त हुआ। वे अच्छे अंकों के साथ ससम्मान उत्तीर्ण हुए। लेकिन उनके सामने कई और ऐसी परीक्षाएं/ चुनौतियाँ हैं जिन्हें पार करना है।  उनकी लगन, मेहनत और जज्बा अवश्य ही उनको नयी ऊंचाईयों तक ले जायेगा। 

जीवन अपनी इस कामयाबी से खुश हैं। वे NDA में जाकर देश सेवा का जज्बा रखते हैं। माता लक्ष्मी जोशी गृहिणी हैं। पिता के निधन के बाद घर की सम्पूर्ण जिम्मेदारियां माता पर ही हैं। बेटे की इस उपलब्धि पर वे गौरवान्वित हैं। 

छात्र जीवन जोशी के ससम्मान उत्तीर्ण कर वरीयता सूची में 21वां स्थान प्राप्त करने पर विद्यालय परिवार ने उन्हें शुभकामनायें प्रेषित की हैं। (Uttarakhand Board 10th Result 2023)


यह रहा उत्तराखंड बोर्ड 2023 का परिणाम -

उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद द्वारा आज हाई स्कूल और इंटर मीडिएट परीक्षा 2023 के परिणाम जारी कर दिए गए हैं। जिसमें हाई स्कूल परीक्षा -2023 का परिणाम 85.17 प्रतिशत और  इंटर मीडिएट परीक्षा -2023 का परिणाम 80.98 रहा। 


उत्तराखंड इंटर मीडिएट परीक्षाफल 2023 के प्रमुख बिंदु - 

  • ससम्मान उत्तीर्ण परीक्षार्थियों का संख्या 9001, कुल 7.26 प्रतिशत 
  • प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण परीक्षार्थियों की संख्या 43121, कुल 34. 79 प्रतिशत 

उत्तराखंड हाईस्कूल  परीक्षाफल 2023 के प्रमुख बिंदु - 

  • ससम्मान उत्तीर्ण परीक्षार्थियों का संख्या 11300 , कुल 8.84 प्रतिशत 
  • प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण परीक्षार्थियों की संख्या 32362, कुल 25.31 प्रतिशत