कपकोट में हुआ इस वाहन का सफल ट्रायल, लोकल सफर अब होगा सस्ता और आरामदायक।

 

eRikshaw in Kpakote
अब कपकोट में भी दौड़ेंगे इलेक्ट्रिक रिक्शा, होगा आरामदायक सफर। 


कपकोट, 25 अगस्त 2022 | जनपद बागेश्वर के नगर पंचायत क्षेत्र कपकोट में स्थानीय परिवहन व्यवस्था को सुधारने के लिए आज ई-रिक्शा का पहला ट्रायल उपजिलाधिकारी कपकोट, संभागीय परिवहन अधिकारी बागेश्वर, थानाध्यक्ष कपकोट, लोक निर्माण विभाग व नगर पंचायत कपकोट ने संयुक्त रूप से किया। ई-रिक्शा का आज का यह पहला परीक्षण (ट्रायल) सफल रहा।
ई-रिक्शा संचालन हेतु कुछ स्थान चिन्हित किये गए हैं जिसमें मुख्यतः भराड़ी बाजार से आर्मी कैंटीन खाईबगड़, भराड़ी बाजार से ब्लॉक मुख्यालय, तहसील परिसर से भराड़ी बाजार, पुलबजार से ब्लॉक मुख्यालय, भराड़ी बाजार से तहसील मुख्यालय मार्ग शामिल हैं।

ई-रिक्शा संचालन से लोगों को क्या होगा फायदा ?
पूरी दानपुर घाटी का मुख्य बाजार भराड़ी है, साथ ही ब्लॉक मुख्यालय, तहसील एवं बैंक से सम्बंधित सभी कार्यों को करने के लिए लोगों को कपकोट आना होता है। उपचार के लिए भी लोगों को कपकोट ही आना होता है। अस्पताल, बाजार, बैंक, सभी मुख्यालयों तक लोगों को पहुंचाने के लिए कपकोट नगर पंचायत क्षेत्र में फिलहाल तक कोई व्यवस्था नहीं है। लोगों को बाजार से ब्लॉक मुख्यालय, तहसील, बैंक, डाकघर आदि तक जाने के लिए या तो अपनी गाड़ी लाना होता है या गाड़ी बुक करनी होती है। उन्हें काफी धन व्यय करके यह यातायात सुविधा मिलती है। इसके अलावा लोग पैदल भी इधर से उधर जाते देखे जा सकते हैं। जिस कारण बुजुर्ग और छोटे बच्चों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। नगर पंचायत क्षेत्र कपकोट में ई रिक्शा चलने से लोगों को इस परेशानी से निजात मिलेगी, साथ ही स्कूली बच्चों को भी इस सुविधा का लाभ प्राप्त होगा।

सड़कों के मरम्मत की सख्त जरुरत -
नगर पंचायत क्षेत्र में फिलहाल सड़कों की स्थिति बड़ी दयनीय बनी हुई है। जगह-जगह बने गड्डे ई-रिक्शा के संचालन में बाधक बन रहे हैं। विभाग को शीघ्र ही ई-रिक्शा के सफल संचालन हेतु सड़कों को दुरुस्त करने की नितांत आवश्यकता है।
ईको फ्रेंडली भी है यह वाहन -
ई-रिक्शा यानि इलेक्ट्रिक रिक्शा। मतलब यह वाहन पूरी तरह से बिजली से चलेगा। सौर ऊर्जा के द्वारा भी इसकी बैटरी को चार्ज किया जा सकता है। क्षेत्र में यह पहला प्रदूषण मुक्त वाहन होगा।