धूमधाम से मनाया गया गढ़िया बग्वाल, पोथिंग में आयोजित हुआ बग्वाल महोत्सव।

gariya bagwal
पोथिंग के वयोवृद्ध धन सिंह गढ़िया, विधायक सुरेश गढ़िया, बग्वाल कमेटी के अध्यक्ष भूपाल सिंह गढ़िया एवं अन्य गणमान्य।


बागेश्वर। मंगसीर अमावस्या को मनाया जाने वाला गढ़िया बग्वाल बागेश्वर जनपद के पोथिंग, तोली, गड़ेरा, फरसाली, लीली, कन्यालीकोट समेत अनेक गांवों में धूमधाम के साथ मनाया गया। इस बग्वाल पर लोगों ने अपने कुलदेवों और गौ वंश की पूजा अर्चना की। बग्वाल पर लोगों ने विभिन्न प्रकार के पकवान बनाकर परिवार के साथ सामूहिक भोज का आनंद लिया। विवाहित बेटियों ने मौके पर अपने मायके आकर अपने लोगों से मुलाक़ात की और इस बग्वाल का हिस्सा बनी। 

वहीं पोथिंग के राजकीय इंटर कॉलेज के खेल मैदान में गढ़िया बग्वाल महोत्सव का आयोजन हुआ। महोत्सव का शुभारम्भ यहाँ के वयोवृद्ध धन सिंह गढ़िया के हाथों वैदिक मंत्रोच्चार और पुरुखों के स्मरण के साथ हुआ। इससे पूर्व ढोल, नगाड़ों, मशकबीन, छोलिया नर्तकों के साथ महोत्सव में गणमान्य लोगों को आयोजन स्थल तक लाया गया। स्कूली बच्चों ने रैली निकालकर रंग-बिरंगी पोशाक में विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किये। इस महोत्सव में एंजेल अकडेमी पोथिंग, आदर्श प्राथमिक विद्यालय कपकोट, इंटर कॉलेज पोथिंग के बच्चों ने अपनी सहभागिता की। 

दोपहर से ही पोथिंग में विभिन्न गांवों से मेलार्थियों का आना प्रारम्भ हो गया था। रात में विभिन्न प्रकार के रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन हुआ। प्रह्लाद सिंह मेहरा, कुंदन कोरंगा, बलवीर सिंह राणा आदि कलाकारों की टीम ने अपनी मनमोहक प्रस्तुतियां दी। 


यहाँ भी पढ़ें - गड़िया बग्वाल - अपनी वर्षों पुरानी सांस्कृतिक विरासत।  


gariya bagwal pothing
लोक कलाकारों के साथ अपनी प्रस्तुति देते प्रह्लाद सिंह मेहरा। 


गढ़िया बग्वाल में चांचरी की धूम -

गढ़िया बग्वाल महोत्सव में लोगों ने जमकर चांचरी गाई।  चिर-परिचित अंदाज में विधायक सुरेश गढ़िया ने भी जमकर चांचरी का आनंद लिया। पोथिंग की बेटी और भनार गांव की बहु प्रेमा कोरंगा ने इस चांचरी के संयोजन में अपनी अहम भूमिका निभायी। 

इस महोत्सव में विभिन्न गांवों के मेलार्थियों के अलावा आमंत्रित गणमान्य जिला पंचायत अध्यक्ष बसंती देव,  पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष हरीश ऐठानी, नगर पंचायत अध्यक्ष गोविंद बिष्ट, बास्ती गांव के प्रधान केदार महर, लीली के प्रधान सुरेंद्र गढ़िया समेत अनेक लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम का सञ्चालन दीपक गढ़िया ने किया। विधायक सुरेश गढ़िया एवं बग्वाल कमेटी के पदाधिकारियों ने यहाँ पधारे सभी लोगों का धन्यवाद किया। 

 

#Gariya_Bagwal 2022 Video -